सूर्यवंशी का तूफानी शतक पर भारी पड़ा किशन का 74 रन
सूर्यवंशी का तूफानी शतक पर भारी पड़ा किशन का 74 रन, हैदराबाद ने रोमांचक मुकाबले में राजस्थान को 5 विकेट से हराया।
शनिवार को खेले गए आईपीएल के एक रोमांचक मुकाबले में हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। यह मैच पूरी तरह बल्लेबाजों के नाम रहा। जहां दोनों टीमों ने जमकर रन बनाए और दर्शकों को एक हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला। हालांकि राजस्थान के लिए विभव सूर्यवंशी का शानदार शतक अंत में बेकार साबित हुआ।
टॉस जीतकर हैदराबाद ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद राजस्थान की टीम बल्लेबाजी करने उतरी। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और यशस्वी जायसवाल जल्दी ही पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटके के बाद विभव सूर्यवंशी ने पारी को संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी।
सूर्यवंशी ने महज 37 गेंदों में 103 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 12 छक्के और 5 चौके शामिल थे, जो उनकी जबरदस्त फॉर्म को दर्शाता है। उन्होंने मैदान के हर कोने में शॉट्स लगाए और हैदराबाद के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
उन्हें ध्रुव जुरेल का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 50 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। दोनों के बीच हुई साझेदारी ने राजस्थान को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। हालांकि, इसके बाद मिडिल ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा और कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया। इसका नतीजा यह रहा कि अच्छी शुरुआत के बावजूद राजस्थान की टीम 20 ओवर में 228 रन ही बना सकी।
हैदराबाद की ओर से गेंदबाजी में ईशान मलिंगा ने 2 विकेट लिए, जबकि कप्तान पैट कमिंस ने भी किफायती और प्रभावी गेंदबाजी की।
229 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही और पहले ही ओवर में ट्रैविस हेड आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने पारी को संभालते हुए टीम को मैच में वापस लाया।
अभिषेक शर्मा ने तेज अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 57 रन बनाए और रन रेट को बनाए रखा। वहीं, ईशान किशन ने एक जिम्मेदार और शानदार पारी खेलते हुए 74 रन बनाए और अंत तक डटे रहे। उनकी इस पारी ने टीम को जीत के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों ने भी अंत में अच्छा सहयोग दिया, जिससे हैदराबाद ने 18.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
राजस्थान की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन वे टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके।
इस जीत के साथ हैदराबाद पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि राजस्थान चौथे स्थान पर खिसक गई।
ईशान किशन को उनकी शानदार 74 रनों की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
यह मुकाबला इस सीजन के सबसे रोमांचक मैचों में से एक रहा, जहां एक तरफ सूर्यवंशी का धमाकेदार शतक देखने को मिला, तो दूसरी तरफ हैदराबाद की संतुलित बल्लेबाजी ने जीत की कहानी लिख दी।
Read Also….



